मेदिनीनगर (पलामू)। कार्यालय असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, पलामू द्वारा संचालित “नन्हा सा दिल” कार्यक्रम के तहत जिले के बच्चों को जीवनदायी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम के प्रथम चरण में 18 बच्चों का हृदय ऑपरेशन हैदराबाद स्थित सत्य साईं संजीवनी हृदय संस्थान में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, चिन्हित किए गए शेष 24 बच्चों के हृदय ऑपरेशन की प्रक्रिया भी प्रगति पर है। कार्यक्रम का उद्देश्य जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ जीवन प्रदान करना है।
निःशुल्क मिल रही सभी सुविधाएं
“नन्हा सा दिल” कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के ऑपरेशन के साथ-साथ उनके अभिभावकों को घर से हैदराबाद तक आने-जाने का खर्च, भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
क्लेफ्ट लिप और क्लेफ्ट पैलेट बच्चों के लिए भी विशेष पहल
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले में क्लेफ्ट लिप (कटे होंठ) एवं क्लेफ्ट पैलेट (कटा तालू) से प्रभावित बच्चों की पहचान एवं स्क्रीनिंग का कार्य भी चल रहा है। चिन्हित बच्चों का विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा, ताकि वे सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकें।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि उनके बच्चे जन्मजात हृदय रोग, क्लेफ्ट लिप या क्लेफ्ट पैलेट जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं, तो वे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या जिला स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।
न्यूज डेस्क । बिंदास पलामू

