मेदिनीनगर (पलामू)। भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी, झारखंड द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष जलपान एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह सेवा कार्य 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को शाम 5 बजे से चंद्रशेखर आजाद चौक, रेडमा, मेदिनीनगर में आयोजित होगा।
आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के शुभ अवसर पर निकलने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होने वाले हजारों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए युवा वाहिनी ने यह सेवा अभियान शुरू किया है। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद स्वरूप जलपान का वितरण किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य सेवा, समर्पण, सामाजिक सद्भाव और सनातन संस्कृति के प्रति जनमानस की आस्था को मजबूत करना है। कार्यक्रम में पलामू सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के मुख्य संरक्षक एवं धर्मनिष्ठ सनातनी धर्मरक्षक अर्जुन पाण्डेय (गुरु पाण्डेय) की विशेष उपस्थिति रहेगी।
राष्ट्रीय परशुराम युवा वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, श्रद्धा, समर्पण और सामाजिक एकता का महापर्व है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची भक्ति का आधार है और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता श्रद्धालुओं की सेवा को अपना सौभाग्य मानता है।
उन्होंने जिले के सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और सनातन धर्मावलंबियों से इस सेवा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन समाज में प्रेम, सहयोग, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
युवा वाहिनी ने सभी सनातन प्रेमियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा सेवा और भक्ति के इस महाअभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

