मेदिनीनगर (पलामू)। चैनपुर स्थित सहोदय उच्च विद्यालय में मंगलवार को आयोजित प्रमंडल स्तरीय 65वीं सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने फुटबॉल को किक मारकर एवं टॉस कराकर किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं ने उपायुक्त का भव्य स्वागत किया।
खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय जीवन व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर किया गया बेहतर प्रदर्शन भविष्य की सफलता की मजबूत नींव रखता है।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, अनुशासन का पालन करने और निरंतर अभ्यास को जीवन में अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही विद्यार्थियों का निस्वार्थ भाव से मार्गदर्शन करते हैं और उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उपायुक्त ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की भूमि है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
इस प्रतियोगिता में पलामू प्रमंडल के पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मंगलवार को अंडर-15 एवं अंडर-17 बालक वर्ग के लीग मुकाबले आयोजित किए गए, जबकि बुधवार को अंडर-17 बालिका वर्ग के मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर ग्रेडिंग कर विजेता टीमों का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक, विद्यालय के प्राचार्य, एडीपीओ अम्बुजया पांडेय, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
प्रमंडल स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

