मेदिनीनगर (पलामू)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत जिले में चल रहे गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त सबसे पहले चैनपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय, सहदेवा स्थित मतदान केंद्र संख्या-112 पहुंचे। यहां उन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से गणना प्रपत्रों के वितरण और डिजिटाइजेशन की स्थिति की जानकारी ली। बीएलओ ने बताया कि मतदान केंद्र पर फॉर्म का शत-प्रतिशत वितरण पूरा हो चुका है, जबकि डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत कम है।
इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि फॉर्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य भी तेजी से पूरा किया जाए तथा एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृत) मतदाताओं की सूची की मैपिंग पूरी गंभीरता और सटीकता के साथ सुनिश्चित की जाए।
इसके बाद उपायुक्त राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बरांव पहुंचे, जहां मतदान केंद्र संख्या-62, 63 एवं 64 का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित बीएलओ को निर्देश दिया कि जिन गणना प्रपत्रों का संग्रहण हो चुका है, उनका डिजिटाइजेशन बिना किसी विलंब के पूरा कराया जाए। वहीं बीएलओ सुपरवाइजर को अपने प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में लंबित डिजिटाइजेशन कार्य उसी दिन पूरा कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) से भी संवाद किया और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और पारदर्शी बनाने में सभी संबंधित पक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग का एक महत्वपूर्ण अभियान है। सभी बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर और संबंधित पदाधिकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी, चैनपुर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
एसआईआर-2026 अभियान के तहत मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में फॉर्म वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य लगातार जारी है।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

