लेस्लीगंज (पलामू)। आधार कार्ड बनाने एवं उसमें संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने लेस्लीगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) जागो महतो को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र में आधार केंद्र नहीं होने के कारण आम लोगों, छात्र-छात्राओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने या संशोधन कराने के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रखंड मुख्यालय में जल्द से जल्द आधार कार्ड सेंटर शुरू कराया जाए ताकि स्थानीय लोगों को सुविधा मिल सके। इस पर बीडीओ जागो महतो ने आश्वासन दिया कि जिला स्तर के संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर एक सप्ताह के भीतर प्रखंड कार्यालय में आधार कार्ड सेंटर शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत स्तर पर भी आधार कार्ड से जुड़े कार्य प्रारंभ कराने की दिशा में पहल की जाएगी, जिससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही आधार नामांकन और संशोधन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सिंह, मंडल अध्यक्ष सुशील तिवारी, प्रदीप पासवान, प्रखंड महासचिव अजय सिंह, गंगा देवी, रमेश मेहता समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने बीडीओ के आश्वासन का स्वागत करते हुए शीघ्र आधार केंद्र शुरू करने की मांग दोहराई।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

