उटारी रोड (पलामू)। पलामू जिले के उटारी रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत लुम्बा सतबहिनी पंचायत भवन के समीप कोयल नदी की बालू में दफन एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेखडीहा गांव निवासी सचिन साव (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मंगलवार रात से लापता था।
परिजनों द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस दंडाधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने बालू की खुदाई कर युवक का शव बरामद किया। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को पहचान छिपाने की नीयत से कोयल नदी की बालू में दफना दिया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग मामले के जल्द खुलासे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

