मेदिनीनगर, पलामू। पलामू जिला राइफल शूटिंग एसोसिएशन ने जिले की पहली पलामू जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 आयोजित करने की घोषणा की है। यह प्रतियोगिता 19 जुलाई 2026 को गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल, रांची रोड, मेदिनीनगर में सुबह 7:00 बजे से आयोजित होगी।
एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में अध्यक्ष अविनाश देव ने बताया कि 29 से 31 जुलाई 2026 तक झारखंड स्टेट राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में होने वाली 16वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए जिला स्तर पर खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसी उद्देश्य से यह जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, ताकि पलामू के प्रतिभाशाली निशानेबाजों को राज्य स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
एसोसिएशन के सचिव सुमित वर्मन ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का प्रशिक्षित राइफल शूटर होना आवश्यक है। प्रतिभागियों को अपनी एयर राइफल या एयर पिस्टल तथा पेलेट साथ लाना होगा। प्रतियोगिता में किसी प्रकार का प्रवेश शुल्क नहीं रखा गया है और यह पूरी तरह निःशुल्क होगी।
उन्होंने कहा कि यह पलामू जिले की पहली जिला राइफल शूटिंग चैंपियनशिप है, जो जिले में शूटिंग खेल को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में पलामू का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आनंद कुमार, कोषाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सचिव सुमित वर्मन सहित खिलाड़ी मृत्युंजय कुमार, ललन प्रजापति, सतीश कुमार एवं भुनेश जी उपस्थित रहे।
एसोसिएशन ने जिले के सभी योग्य राइफल शूटरों से प्रतियोगिता में भाग लेने और पलामू को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में योगदान देने की अपील की है।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

