मेदिनीनगर (पलामू)। अन्तर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) पलामू, हरे कृष्ण निवास द्वारा 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
इस्कॉन पलामू के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले 21 वर्षों से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा एवं भक्ति प्रचार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान देश-विदेश से आए भक्तजन भी कार्यक्रम में भाग लेते हैं। इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ की कृपा एवं वैष्णव आचार्यों के आशीर्वाद से भव्य आयोजन किया जा रहा है।
15 जुलाई को नेत्र उत्सव एवं जगन्नाथ कथा का आयोजन होगा। वहीं 16 जुलाई को प्रातः मंगला आरती, दर्शन आरती, जगन्नाथ कथा एवं प्रसाद वितरण के बाद दोपहर 1 बजे पाण्डु विजय कार्यक्रम होगा, जिसमें भगवान नृत्य करते हुए अपने भव्य रथ पर विराजमान होंगे। रथयात्रा दोपहर 2 बजे प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शाम 6 बजे संपन्न होगी। इसके बाद महासंकीर्तन तथा महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
रथयात्रा इस्कॉन पलामू (हरे कृष्ण निवास), जेलहाता से प्रारंभ होकर भारत माता चौक, गीता भवन, छः मुहान, बेलवाटिका, स्टेशन रोड, कचहरी चौक, गायत्री मंदिर (सुदना), बेरिया चौक, रेडमा चौक एवं रेलवे ओवरब्रिज मार्ग से होकर गुजरेगी।
इस्कॉन पलामू ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार एवं मित्रों के साथ रथयात्रा महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। इस्कॉन कैलेंडर के अनुसार 16 जुलाई 2026 को रथयात्रा उत्सव का विशेष महत्व माना जाता है।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

