मेदिनीनगर।शहर थाना क्षेत्र के बारालोटा में ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी पर गोली चलाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी एवं घायल ठेकेदार के भतीजे प्रीतम तिवारी को बुधवार सुबह हवाई अड्डा क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है।बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि 20 जून को जीएलए कॉलेज गेट के समीप अष्टभुजी मंदिर के सामने 50 वर्षीय संजय तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में उनके भतीजे प्रीतम तिवारी पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप है।एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच करीब 22.5 डिसमिल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चलने की बात सामने आई है। इसी रंजिश में आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार उसने रांची से खरीदा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किस व्यक्ति से खरीदा गया और इस पूरे नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। पत्रकार वार्ता के दौरान एसडीपीओ राजेश यादव, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जमीन विवाद में ठेकेदार गुड्डू तिवारी पर फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद

