बिश्रामपुर (पलामू)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र पांडे को वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किए जाने पर बिश्रामपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। नियुक्ति की घोषणा होते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रसन्नता व्यक्त की तथा इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्णा मुरारी सिंह ने कहा कि नरेंद्र पांडे की नियुक्ति समर्पित एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र पांडे लंबे समय से संगठन और समाज के प्रति समर्पित भाव से कार्य करते रहे हैं। उनके अनुभव, कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता का लाभ वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड को मिलेगा तथा वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।
नियुक्ति पर क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नरेंद्र पांडे को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की कामना की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह उपलब्धि न केवल नरेंद्र पांडे की व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि पूरे बिश्रामपुर क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
इस अवसर पर भाजपा नेता कुश ओझा, सुनील पांडे, राकेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि अनुज पांडे, अमरेश तिवारी, श्यामनारायण राम, सतीश सिंह, अनिल पासवान, मिथलेश पासवान, विनय चौबे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया और नरेंद्र पांडे के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
न्यूज डेस्क । बिंदास पलामू

