मेदिनीनगर। संत मरियम विद्यालय के चेयरमैन एवं झारखंड सरकार के माटी कला बोर्ड के निवर्तमान सदस्य अविनाश देव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा गांडेय विधायक एवं झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की अध्यक्ष कल्पना सोरेन से उनके आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर दोनों का स्वागत किया।
मुलाकात के बाद अविनाश देव ने बताया कि कल्पना सोरेन के साथ महिला सशक्तीकरण, बच्चों के समग्र विकास तथा पलामू जिले से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि 23 जून को आयोजित विधवा विवाह विषयक चर्चा का भी उल्लेख किया गया, जिस पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
अविनाश देव ने बताया कि पलामू के बाल संप्रेषण गृह में स्थापित माटी कला प्रशिक्षण केंद्र को पुनः शुरू करने और इसे नियमित रूप से संचालित रखने पर सहमति बनी। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण केंद्र के माध्यम से बच्चों के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा, उनमें आत्मनिर्भरता की भावना विकसित होगी तथा भविष्य में स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने कल्पना सोरेन को पलामू आने का निमंत्रण भी दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया। बातचीत के दौरान राज्य के विकास, महिला एवं बाल कल्याण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। अविनाश देव के अनुसार, कल्पना सोरेन ने संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने पर बल दिया।
इस अवसर पर अविनाश देव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात कर उनका पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र से अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से राज्य के विकास और भविष्य में प्रस्तावित सामाजिक कार्यों को लेकर संक्षिप्त चर्चा हुई। कैबिनेट की व्यस्तता के कारण अधिक समय नहीं मिल सका, लेकिन मुख्यमंत्री ने पुनः मिलने का आश्वासन दिया।
अविनाश देव ने राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए बैजनाथ राम को राज्यसभा भेजे जाने पर मुख्यमंत्री को बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से समाजहित और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।
न्यूज डेस्क । बिंदास पलामू

