मेदिनीनगर, पलामू। पलामूवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में जल्द ही 15 बेड की अत्याधुनिक आईसीयू (ICU) सुविधा शुरू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था के शुरू होने से गंभीर मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों या रांची स्थित रिम्स रेफर होने की मजबूरी से काफी हद तक राहत मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधक सुमित श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल के तीन अलग-अलग कमरों में कुल 15 बेड का आईसीयू तैयार किया जा रहा है। इसके संचालन के लिए पांच सदस्यीय डॉक्टरों की टीम रांची के रिम्स में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। प्रशिक्षण पूरा होते ही आईसीयू का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आईसीयू के सफल संचालन के लिए 10 प्रशिक्षित जीएनएम (GNM) एवं एएनएम (ANM) कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। इससे गंभीर मरीजों को 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकीय निगरानी और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अब तक आईसीयू सुविधा के अभाव में गंभीर मरीजों को या तो निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था या फिर उन्हें रिम्स रेफर किया जाता था। नई सुविधा शुरू होने के बाद ऐसे मरीजों का इलाज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में ही संभव हो सकेगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों का समय और आर्थिक बोझ दोनों कम होगा।
अस्पताल प्रशासन का मानना है कि 15 बेड की इस अत्याधुनिक आईसीयू सुविधा का लाभ केवल पलामू ही नहीं, बल्कि गढ़वा और लातेहार जिले के मरीजों को भी मिलेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में यह कदम क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
न्यूज डेस्क । बिंदास पलामू

