कारगिल विजय के अमर नायक शहीद युगम्बर दीक्षित की 27वीं शहादत दिवस पर पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित कारगिल चौक, जगतपुरवा में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
23 जून 1999 को कारगिल युद्ध के दौरान टाइगर हिल की लड़ाई में अदम्य साहस का परिचय देते हुए मात्र 21 वर्ष की आयु में शहीद हुए युगम्बर दीक्षित आज भी देशभक्ति, वीरता और बलिदान के प्रतीक बने हुए हैं। उनके शौर्य और समर्पण को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की चेतना में सदैव जीवित रहते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व प्रमंडलीय अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के महासचिव बृजेश शुक्ला ने कहा कि शहीद युगम्बर दीक्षित का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपने वीर सपूतों को सम्मान देता है, वही राष्ट्र सशक्त और गौरवशाली बनता है।
संध्या के समय हरिद्वार से पधारे गायत्री शक्तिपीठ परिवार के तत्वावधान में भव्य दीप यज्ञ का आयोजन किया गया। 501 दीप प्रज्ज्वलित कर अमर शहीद युगम्बर दीक्षित को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और श्रद्धा से ओत-प्रोत हो उठा।
इस कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों, पूर्व सैनिकों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
#KargilVijay #ShaheedYugambarDixit #Palamu #Lesliganj #KargilMartyr #TigerHill #IndianArmy #Tribute #DeepYagya #JharkhandNews #PalamuNews #BindassPalamuNews #ShaheedDiwas #BharatMataKiJai #KargilWar

