राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार 24 एवं 25 जून 2026 को सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित कर न्यूनतम 100 यूनिट रक्त संग्रह करने के लक्ष्य के तहत आज जेएसएलपीएस जिला कार्यालय, पलामू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के प्रथम दिन जिला कार्यालय, प्रखंड एवं प्रदान संस्था के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। शिविर का शुभारंभ जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता सी. केरकेट्टा ने स्वयं रक्तदान कर किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जिससे जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
रक्तदान करने वालों में जिला कार्यालय से नवल किशोर राजू एवं शेखर लाल, प्रदान संस्था से प्रिंस सिंह, रुचिका सिंह, सुनील कुमार (बीपीओ), लॉरेंस लकड़ा (बीपीएम, सतबरवा), कुमारी नम्रता (बीपीएम, मनातू), सुमित कुमार (बीपीएम, रामगढ़) तथा यतीन्द्र ज्योति (बीपीएम, पाटन) सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।
जेएसएलपीएस द्वारा बताया गया कि यह रक्तदान शिविर 25 जून को भी जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न प्रखंडों के कर्मियों के साथ-साथ सामुदायिक कैडर भी रक्तदान करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

