बरवाडीह–डेहरी ऑन सोन रेलखंड पर नॉन-इंटरलाकिंग कार्य के कारण मंगलवार से अगले पांच-छह दिनों तक यात्री ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद हो गया है।
इससे पलामू जिले के उत्तरी क्षेत्र के जपला, हैदरनगर, मोहम्मदगंज, ऊंटारी रोड समेत आसपास के इलाकों का जिला मुख्यालय मेदिनीनगर और अन्य प्रमुख शहरों से रेल संपर्क प्रभावित हो गया है। हजारों यात्रियों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है।
रेल उपभोक्ता संघर्ष समिति के गुप्तेश्वर पांडेय और प्रेमतोश सिंह ने स्टेशन मास्टर के माध्यम से रेलवे प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों के परिचालन बंद होने से आम लोगों को रोजमर्रा के कार्यों, सामाजिक कार्यक्रमों, न्यायालय में पेशी और रोजगार संबंधी यात्रा में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

