मेदिनीनगर, 3 जुलाई: पलामू पुलिस द्वारा शुक्रवार को जिलेभर में विशेष सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शाम 5 बजे से 7 बजे तक चले इस अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाना तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना था।
अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने वाहनों की व्यापक जांच की। बिना नंबर प्लेट, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगे वाहन, अतिरिक्त मॉडिफिकेशन वाले वाहन, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक, बिना हेलमेट दोपहिया सवार तथा बिना सीट बेल्ट चारपहिया चालकों पर विशेष नजर रखी गई।
पुलिस के अनुसार जांच अभियान में कुल 877 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 420 दोपहिया और 457 चारपहिया वाहन शामिल थे। जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 दोपहिया वाहनों का चालान किया गया, जबकि 3 दोपहिया वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 194(D) के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 9 चारपहिया वाहनों से ब्लैक फिल्म हटाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और अपराधमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पलामू पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। साथ ही नागरिकों से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर देने की अपील की, ताकि जिले में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत बनाई जा सके।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

