पलामू। पलामू जिले के तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम को भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी द्वारा एसडीपीओ जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी ने एक जेसीबी मशीन को जब्त किया था। आरोप है कि मशीन को छोड़ने के एवज में उन्होंने जेसीबी मालिक से रुपये की मांग की थी। इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर पैसे मांगने की बातचीत सुनाई दे रही थी।
ऑडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच एसडीपीओ को सौंपी गई। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने तत्काल प्रभाव से थाना प्रभारी आनंद राम को निलंबित कर दिया। एसपी ने बताया कि एसडीपीओ की जांच में आरोप सही पाए गए हैं और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर विभागीय कार्रवाई करते हुए निलंबन का आदेश जारी किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, जिले में पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और जवाबदेही को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। मामले में आगे विभागीय जांच और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

