मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने गुरुवार को नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव से मुलाकात कर डालटनगंज फोरलेन बाईपास पर सड़क सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों को उठाया। उन्होंने पोखराहा और जोड़ के समीप स्थित दो प्रमुख क्रॉसिंग पर वाहन अंडरपास (VUP) अथवा फ्लाईओवर निर्माण की मांग की। इस मुद्दे को सांसद ने लोकसभा में नियम-377 के तहत भी उठाया है।
सांसद ने बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत रांची-वाराणसी फोरलेन कॉरिडोर (एनएच-39) के सेक्शन-3 (भोगू से शंखा) में निर्मित डालटनगंज फोरलेन बाईपास सड़क, पोखराहा के पास डालटनगंज-पांकी मुख्य मार्ग तथा जोड़ के समीप बैरिया-पाटन मुख्य सड़क को क्रॉस करती है। इन दोनों महत्वपूर्ण स्थानों पर वाहन अंडरपास या फ्लाईओवर नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बाईपास पर यातायात शुरू होने के बाद से इन दोनों क्रॉसिंग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। वहीं जोरकट के पास टोल टैक्स शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में भी नाराजगी बढ़ी है। VUP निर्माण की मांग को लेकर कई बार धरना-प्रदर्शन भी किए जा चुके हैं।
सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि उनके प्रयासों के बाद NHAI की तकनीकी टीम ने दोनों स्थलों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान टीम ने पोखराहा और जोड़ में VUP निर्माण की आवश्यकता को स्वीकार किया था। इसके बावजूद करीब चार माह बीत जाने के बाद भी प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिल सकी है और निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
नई दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान NHAI अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने झारखंड के NHAI क्षेत्रीय पदाधिकारी संतोष कुमार से फोन पर बातचीत कर दोनों स्थानों पर VUP/फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव अविलंब भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने जल्द स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन भी दिया।
सांसद ने कहा कि जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पोखराहा और जोड़ में वाहन अंडरपास (VUP) का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाना चाहिए, ताकि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके और क्षेत्र की जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
न्यूज डेस्क । बिंदास पलामू

