मेदिनीनगर। कलकत्ता (हावड़ा) में आयोजित चौथी एपीजे अब्दुल कलाम इंटर स्कूल एवं नेशनल कराटे चैंपियनशिप में संत मरियम विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के पांच खिलाड़ियों ने कुल दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य ट्रॉफी जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिता में रौनक कुमार एवं दिव्यांशु कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं शिवम कुमार एवं अनुराग कुमार ने द्वितीय स्थान हासिल कर रजत ट्रॉफी जीती। अनिकेत कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य ट्रॉफी जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
यह प्रतियोगिता शितो-रियु कराटे डू फेडरेशन के तत्वावधान में श्री अग्रसेन सेवा समिति स्पोर्ट्स हॉल, हावड़ा (कलकत्ता) में आयोजित की गई थी। चैंपियनशिप में देश के लगभग 20 राज्यों से आए स्कूली कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
संत मरियम विद्यालय की टीम का नेतृत्व मुख्य कराटे प्रशिक्षक क्योंशी संतोष कुमार ने किया, जबकि सेंसाई संजय कुमार पासवान ने टीम मैनेजर की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
न्यूज डेस्क। बिंदास पलामू

